

सक्ती – नगर पालिका परिषद सक्ती में मंगलवार को नामांकित पार्षदों (एल्डरमेन) के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन नगर पालिका सभाकक्ष में गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कावेरी मरकाम ने नव-नामांकित पार्षद सुमित शर्मा, दीपक गुप्ता, दादू केंवट, सुशीला गबेल एवं सुषमा कसेर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शपथ ग्रहण के बाद सभी नव-नामांकित एल्डरमेन का अतिथियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल ने कहा कि नामांकित पार्षद का दायित्व जनता की अपेक्षाओं और विश्वास को पूरा करने का अवसर है। उन्होंने एल्डरमेन से नगर विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार ने कहा कि जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा धर्म जनसेवा है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने समन्वय और टीम भावना के साथ नगर विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
छत्तीसगढ़ राज्य शाकंभरी बोर्ड के सदस्य प्रेमलाल पटेल एवं भाजपा नेता रामावतार अग्रवाल ने कहा कि नामांकित पार्षद जनता और नगर पालिका के बीच मजबूत सेतु बनकर जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार, रामावतार अग्रवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, प्रेमलाल पटेल, अन्नपूर्णा राठौर, भारत यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रह्लाद पाण्डेय, उप अभियंता इब्राहिम खान सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी भी समारोह में मौजूद रहे।
