

सक्ती – एसीबी बिलासपुर की टीम ने सक्ती जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल सक्ती के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में अटैच फार्मासिस्ट ग्रेड-2 गंगा प्रसाद रत्नाकर ने एसीबी से शिकायत की थी कि उसकी मूल पदस्थापना सीएमएचओ कार्यालय सक्ती में है, लेकिन फरवरी 2026 से वह जिला अस्पताल में कार्यरत है। आरोप है कि प्रभारी सिविल सर्जन मई-जून 2026 का पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय भेजने के एवज में फरवरी से जून तक 20 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से कुल 1 लाख रुपये रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी बिलासपुर ने ट्रैप की योजना बनाई। आरोपी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर अपने अस्थायी निवास डभरा बुलाया। गुरुवार रात करीब 9 बजे डभरा कॉलेज मोड़ के पास शिकायतकर्ता की स्कॉर्पियो में बैठकर जैसे ही आरोपी ने 1 लाख रुपये की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
