छत्तीसगढ़सक्ती

Sakti – वेदांता पावर के निःशुल्क कंप्यूटर सेंटर से 60 विद्यार्थियों को मिल रहा लाभ

सक्ती – वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट द्वारा सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघीतराई में निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई है। इस केंद्र में ग्राम पंचायत सिंघीतराई, निमोही और ओड़ेकेरा के लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण के लिए पंजीयन कराया है।

90 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कंप्यूटर फंडामेंटल, एमएस ऑफिस, इंटरनेट एवं अन्य तकनीकी विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वेदांता की इस पहल को लेकर विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

वेदांता पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजिंदर सिंह आहूजा ने कहा कि आज तकनीकी युग में कंप्यूटर ज्ञान बेहद आवश्यक हो गया है। एआई और डिजिटल तकनीकों के तेजी से बढ़ते प्रभाव के कारण कंप्यूटर शिक्षा के बिना प्रगति की दौड़ में आगे बढ़ना मुश्किल है। ग्रामीण क्षेत्रों में कंप्यूटर प्रशिक्षण सुविधाओं की कमी को देखते हुए वेदांता पावर ने नागरिकों की मांग पर इस प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थी निःशुल्क प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे।

केंद्र में पंजीकृत मनीषा सिदार ने बताया कि वह एमजी कॉलेज खरसिया में बीएससी बायोलॉजी की छात्रा हैं और गांव में ही कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खुलने से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को काफी लाभ मिल रहा है। वहीं डभरा डिग्री कॉलेज की छात्रा चंद्रकला रौतिया ने इसे ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट पहल बताया।

स्वामी आत्मानंद स्कूल खरसिया की छात्रा भूमि डनसेना और विद्यार्थी अमन डनसेना सहित कई विद्यार्थियों ने कहा कि वर्तमान समय में हर क्षेत्र में कंप्यूटर का उपयोग बढ़ गया है, इसलिए नई तकनीकों को सीखना जरूरी हो गया है।

प्रशिक्षक संजय कृष्ण डनसेना ने बताया कि प्रशिक्षण कक्षाएं दो बैचों में संचालित की जा रही हैं। कक्षा 10वीं से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। उन्होंने बताया कि सिंघीतराई क्षेत्र के लगभग 12 किलोमीटर के दायरे में कोई अन्य कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र नहीं होने से विद्यार्थियों को दूर जाकर प्रशिक्षण लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब गांव में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थी बिना किसी अतिरिक्त खर्च के आसानी से कंप्यूटर सीख पा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button