

सक्ती – सक्ती जिले के पुटीडीह धान उपार्जन केंद्र में वर्ष 2025-26 की धान खरीदी के दौरान सामने आई अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया गया है। संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर पहले दर्ज एफआईआर में तीन और लोगों के नाम शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में सामने आया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज 32,720 धान भरे बारदानों के मुकाबले भौतिक सत्यापन में केवल 23,294 बारदाने मिले। इस तरह 9,426 बारदानों की कमी पाई गई, जिससे शासन एवं समिति को 89 लाख 32 हजार 77 रुपये 60 पैसे की आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया गया है।
संयुक्त जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में प्रभारी संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा समिति के प्राधिकृत अधिकारी की भूमिका को संदिग्ध बताया है। इसी आधार पर संबंधित थाना प्रभारी को पहले से दर्ज एफआईआर में इन तीनों के नाम नियमानुसार शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले में पहले केवल एक व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन विस्तृत जांच के बाद कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अन्य जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है। पुलिस द्वारा अब विस्तृत विवेचना की जा रही है और मामले में आगे भी नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

