

रायपुर – समाजसेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के आई.टी. सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं आदर्श ग्राम टेमरी, रायपुर निवासी डॉ. द्वारिका प्रसाद साहू को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
फरीदाबाद, एनसीआर दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड एवं मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. गीतांजली शर्मा, वाइस चेयरमैन, डोपिंग-रोधी अपील पैनल, NADA, भारत सरकार तथा डॉ. सी.पी. यादव, चेयरमैन, मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड एवं मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी के हाथों डॉ. साहू को मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई।
डॉ. द्वारिका प्रसाद साहू लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए समाजहित में कार्य कर रहे हैं। समाज को तकनीक से जोड़ने, सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सम्मान प्राप्त होने पर डॉ. द्वारिका प्रसाद साहू ने इसे समाजसेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी और निरंतर प्रयासों का सम्मान बताते हुए अपने पिता गंभीर राम साहू, माता परागा बाई साहू, श्रीवंतीन साहू, भाई देवप्रसाद साहू (सरपंच, आदर्श ग्राम पंचायत टेमरी), भाभी भागेश्वरी साहू, धर्मपत्नी टाकेश्वरी साहू सहित परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कसडोल विधायक संदीप साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ आई.टी. सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी महामंत्री डॉ. मनीष कुमार साहू, समाज के वरिष्ठजनों एवं सभी साथियों का भी आभार जताया।
डॉ. द्वारिका प्रसाद साहू को मानद डॉक्टरेट सम्मान मिलने पर समाज के वरिष्ठजनों, सामाजिक पदाधिकारियों एवं युवाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
