

सक्ती – जैजैपुर जनपद पंचायत अंतर्गत घिवरा गांव के किसान ने नहर निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का मुआवजा नहीं मिलने पर कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। किसान कृष्ण कुमार कश्यप ने आवेदन के माध्यम से बताया है कि वर्ष 1979-80 में उनके खेत में नहर का निर्माण कराया गया था, लेकिन करीब 46 साल बीत जाने के बाद भी परिवार को मुआवजे की राशि नहीं मिली है।
किसान के पिता स्वर्गीय कुंजराम कश्यप की जमीन खसरा नंबर 1846, रकबा 0.33 में नहर बनाई गई थी। किसान का कहना है कि उनके पूर्वजों ने मुआवजा नहीं मिलने की जानकारी संबंधित विभाग को आवेदन के माध्यम से दी थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
वर्ष 2019-20 में हाईकोर्ट के आदेश के बाद मुआवजा राशि निर्धारित होने और प्रक्रिया पूरी होने का उल्लेख है। इसके बावजूद किसान को अब तक भुगतान नहीं हुआ है। किसान ने भू-अर्जन विभाग के अधिकारियों की कथित लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार बताया है।
कृष्ण कुमार कश्यप ने कलेक्टर से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने आवेदन में यह भी कहा है कि यदि मुआवजा नहीं मिलता है, तो वे अपने खेत में बनी नहर को समतल कर खेती करने के लिए मजबूर होंगे और इसकी जिम्मेदारी भू-अर्जन विभाग की होगी।

