

सक्ती – छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सक्ती तथा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, कसेरपारा में पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्याम सुंदर अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद लाला सोनी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिलीप पटेल, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी अमर सिंह राज, सांख्यिकी अधिकारी राकेश अग्रवाल सहित दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
दोनों विद्यालयों में पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
