

सक्ती – मध्य भारत में कैंसर इलाज की आधुनिक सुविधाओं की कमी के बीच बालको मेडिकल सेंटर मरीजों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरा है। अत्याधुनिक तकनीक, एडवांस सर्जिकल सिस्टम और इंटीग्रेटेड ऑन्कोलॉजी मॉडल के जरिए अस्पताल अब किफायती और बेहतर कैंसर उपचार उपलब्ध करा रहा है।
170 बिस्तरों वाला यह गैर-लाभकारी अस्पताल अब तक 67 हजार से अधिक मरीजों का इलाज कर चुका है, जबकि 12,500 से ज्यादा कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। अस्पताल की ओपीडी में 4.4 लाख से अधिक मरीज परामर्श ले चुके हैं।
बीएमसी ने हाल ही में ‘डा विंची एक्स आई’ रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम की शुरुआत की है, जिससे कम चीरे वाली सर्जरी अधिक सटीक और सुरक्षित तरीके से संभव हो रही है। इससे मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव और तेजी से रिकवरी का लाभ मिल रहा है।
अस्पताल में 6 अत्याधुनिक मॉड्युलर ऑपरेशन थिएटर भी स्थापित किए गए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किए गए हैं। मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों की संयुक्त कार्यप्रणाली से मरीजों को एक ही छत के नीचे समग्र इलाज मिल रहा है।
डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि बीएमसी को कैंसर उपचार के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह बड़ा कदम है और आधुनिक तकनीकों के जरिए क्षेत्र के लोगों को विश्वस्तरीय इलाज देने के लिए संस्था प्रतिबद्ध है।
