छत्तीसगढ़सक्ती

Sakti – पुरानी रंजिश में 13 वर्षीय मासूम की हत्या, शव को खेत में दफनाकर छिपाया सबूत, 40 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

सक्ती – जिले के परसदा खुर्द गांव में पुरानी रंजिश के चलते 13 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने बच्चे की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को खेत में दफना दिया और पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़ों को दूसरे स्थान पर फेंक दिया। सक्ती पुलिस ने महज 40 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, परसदा खुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने 8 जुलाई को थाना सक्ती में अपने 13 वर्षीय पुत्र कपिल कुमार केंवट के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने गांव के ही हेमंत कुमार केंवट पर बच्चे को अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था।

पुलिस जांच के दौरान संदेही हेमंत कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि कुछ माह पहले हुए एक विवाद की जानकारी कपिल को थी और इसी बात को लेकर वह उससे नाराज था। बदला लेने की नीयत से उसने 8 जुलाई की रात बच्चे को पैसे कमाने का लालच देकर अपने साथ ले गया और सुनसान स्थान पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया तथा कपड़ों को दूर जाकर छिपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी, मेडिकल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव बरामद किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा और आरोपी के कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button