

सक्ती – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट द्वारा सिंघीतराई में चित्रकला स्पर्धा, जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिंघीतराई, ओड़ेकेरा और निमोही की करीब 120 महिलाओं और 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
‘सखी परियोजना’ के अंतर्गत सिलाई प्रशिक्षण एवं ब्यूटी वेलनेस कार्यक्रम से जुड़ी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक चित्रों की प्रदर्शनी लगाई। वहीं युवा कौशल विकास कार्यक्रम के तहत कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने डिजिटल चित्रकला प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता दिखाई। सभी प्रस्तुतियां इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित: जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” पर आधारित रहीं।
कार्यक्रम में गीत, कविता और प्रहसन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और वृक्षारोपण के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
इस अवसर पर बीडीसी सदस्य काजल किरण डनसेना, सिंघीतराई सरपंच गीता बाई सिदार, पूर्व सरपंच नान कुंवर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और वेदांता पावर द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की सराहना की।
