
सक्ती – नगर पालिका सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। नगर के समग्र विकास के लिए अधोसंरचना मद अंतर्गत 2 करोड़ 24 लाख 26 हजार की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है. इस स्वीकृत राशि से नगर पालिका सक्ती के सभी 18 वार्डों में विकास कार्य कराए जाएंगे. संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका सक्ती में सड़क, नाली, सीसी रोड सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कुल 34 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है. इससे लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी और नगरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा.
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर सक्ती के विकास के लिए खुले दिल से स्वीकृति प्रदान की है. स्वीकृत कार्यों के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, ताकि बिना विलंब के कार्य धरातल पर उतर सकें. इस स्वीकृति से नगरवासियों में उत्साह का माहौल है और इसे नगर विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.