

सक्ती – सक्ती जिले के सहकारिता विभाग में कथित अवैध वसूली के मामले की खबर सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। आरोप है कि विभाग के एक अधिकारी द्वारा कर्मचारियों पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें मीडिया के सामने किसी भी प्रकार का बयान देने से मना किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारी अपनी ऊंची पहुंच और प्रभाव का हवाला देते हुए कर्मचारियों को चुप रहने की नसीहत दे रहा है। वहीं यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि यदि किसी कर्मचारी ने मीडिया के सामने जानकारी साझा की या बयान दिया तो उसके खिलाफ जांच बैठाकर कार्रवाई करने की धमकी दी जा रही है।
कर्मचारियों में इस मामले को लेकर भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विभाग में चर्चा है कि कथित अवैध वसूली के मामले की निष्पक्ष जांच होने पर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर संबंधित अधिकारी का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। यदि अधिकारी या विभाग की ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त होती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
