

सक्ती – सक्ती थाना पुलिस ने थर्माकोल पेपर कटर से युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया थर्माकोल कटर भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 निवासी कृष्णा सारथी ने अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा पर गले और सीने में हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल को पहले सक्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जांजगीर और बाद में बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज बिलासपुर में चल रहा है।
जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान लिए और घायल का बयान भी दर्ज किया, जिसमें उसने कृष्णा सारथी पर हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर थर्माकोल कटर से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

