Janjgir-Champ :- बम्हनीडीह में होगी अनिरुद्धाचार्य महाराज की सात दिवसीय भागवत कथा


जांजगीर-चाम्पा :- पितृमोक्षार्थ गया श्राद्ध के अंतर्गत जयपुरिया परिवार द्वारा बम्हनीडीह के बिर्रा रोड स्थित कथा स्थल पर 13 से 19 सितंबर 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक डॉ. श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और कथा स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कथा के शुभारंभ अवसर पर 13 सितंबर रविवार को सुबह 10 बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा होगी। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित भव्य झांकियां तथा धार्मिक एवं भक्तिमय संगीत की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
अनिरुद्धाचार्य महाराज का विशेष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम
आयोजन का विशेष आकर्षण अनिरुद्धाचार्य महाराज जी का प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम रहेगा। कथा समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे से 7 बजे तक एक घंटे का यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं को महाराज जी से सीधे प्रश्न पूछने तथा उनके सरल, रोचक और ज्ञानवर्धक उत्तर सुनने का अवसर मिलेगा।
साधना एवं श्रद्धा चैनल पर होगा लाइव प्रसारण
दूर-दराज से कथा में शामिल नहीं हो पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए आयोजन के लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था की जाएगी। कथा, प्रवचन, भजन-संगीत एवं प्रमुख कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण साधना एवं श्रद्धा चैनल पर किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु घर बैठे आयोजन से जुड़ सकेंगे।
सात दिनों में होंगे भगवान के विभिन्न प्रसंग
13 सितंबर को देव प्रतिष्ठा, भागवत माहात्म्य एवं शुकदेव आगमन, 14 सितंबर को विराट स्वरूप वर्णन एवं श्री ध्रुव चरित्र तथा 15 सितंबर को प्रह्लाद चरित्र एवं गजेंद्र मोक्ष का प्रसंग सुनाया जाएगा। 16 सितंबर को वामनावतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव, 17 सितंबर को बाललीला, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग तथा 18 सितंबर को रुक्मणी विवाह महोत्सव एवं सुदामा चरित्र का प्रसंग होगा। कथा के अंतिम दिन 19 सितंबर को नवयोगेश्वर संवाद, अवधूतोपाख्यान एवं द्वादश स्कंध के प्रसंगों के साथ कथा का विश्राम होगा।
श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
जयपुरिया परिवार ने क्षेत्र सहित आसपास के गांवों एवं नगरों के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति, भक्ति और धर्म के मार्ग से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
