
सक्ती – पर्यावरण संरक्षण एवं पन्नी मुक्त अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सक्ती जिले के प्रधान पाठक शैलकुमार पांडेय को गणतंत्र दिवस के अवसर पर महामहिम राज्यपाल के अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया।
लोक भवन, रायपुर में 26 जनवरी को आयोजित सायंकालीन एट होम स्वागत समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त 38 विशिष्ट व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया था। सक्ती जिले से चयनित तीन सदस्यों में शैलकुमार पांडेय भी शामिल रहे। समारोह के दौरान शैलकुमार पांडेय का राज्यपाल महामहिम रमन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से परिचय कराया गया तथा ससम्मान भोज एवं फोटो सेशन के साथ उनका सम्मान किया गया।
ज्ञात हो कि शैलकुमार पांडेय वर्ष 2024 से आश्रम मसानियाखुर्द में ग्रीन डे मना रहे हैं। वे इको क्लब के माध्यम से बच्चों को पन्नी मुक्त विद्यालय, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जागरूक कर रहे हैं। आश्रम में आने वाली पन्नियों को बच्चे बोतलों में एकत्र कर प्रदूषण रोकने का प्रयास कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पिछले 5 वर्षों में आश्रम में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है, जिसे राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रस्तुत किया जा चुका है। इस उपलब्धि पर जिले के प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।