छत्तीसगढ़सक्ती

Sakti : जिला सहकारी बैंक में किसान से 1.50 लाख की ठगी, सुशासन तिहार में मामला उठने के बाद लौटाई रकम, जिला पंचायत सदस्य ने उठाया मुद्दा

सक्ती – सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत कंवली गांव के किसान मन्नू यादव के साथ जिला सहकारी बैंक डभरा में 1 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 22 मई को किसान बैंक में पैसा निकालने पहुंचा था। इसी दौरान बैंक के सुरक्षाकर्मी विजय महंत ने जल्दी रकम निकालने की बात कहते हुए किसान से 1 लाख रुपये की निकासी पर्ची ली। कुछ देर बाद सुरक्षाकर्मी ने किसान को 1 लाख रुपये दे दिए।

कुछ दिनों बाद जब किसान दोबारा बैंक पहुंचा, तब उसे पता चला कि उसके खाते से 1 लाख की जगह 2 लाख 50 हजार रुपये की निकासी हुई है। इसके बाद किसान ने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मी से जानकारी ली। आरोप है कि सुरक्षाकर्मी विजय महंत ने अतिरिक्त निकाली गई रकम लौटाने की बात कही, लेकिन लगातार किसान को टालता रहा।

मामला तब तूल पकड़ गया जब किसान ने इसकी शिकायत जिला पंचायत सदस्य सरोज डडसेना से की। सरोज डडसेना ने तत्काल अधिकारियों से चर्चा की और धुरकोट में आयोजित सुशासन तिहार के मंच से इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाया। इसके बाद कार्रवाई तेज हुई और 12 जून को सुरक्षाकर्मी द्वारा किसान को 1 लाख 50 हजार रुपये बैंककर्मियों की मौजूदगी में वापस लौटा दिए गए।

वहीं सूत्रों के अनुसार जिला सहकारी बैंक डभरा में सक्ती जिले के नोडल अधिकारी अश्वनी पाण्डेय के संरक्षण में मनमानी का आरोप भी लगाया जा रहा है। घटना के बाद बैंक की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button