
सक्ती – सक्ती विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम पंचायत नगरदा में 7 करोड़ की लागत से बनने वाले शैक्षणिक भवनों का भूमिपूजन सक्ती विधानसभा के पूर्व विधायक एवं अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय नगरदा के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष डॉ. खिलावन साहू ने किया. अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय भवन हेतु 4.50 करोड़ एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय भवन हेतु 2.50 करोड़ की स्वीकृति उपरांत विधिवत भूमिपूजन किया गया है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. खिलावन साहू ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है और इन भवनों के निर्माण से वनांचल क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा. इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित राज्य सरकार के सभी संबंधित मंत्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया है.