
सक्ती – घिवरा गांव में इन दिनों भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है. 21 जनवरी से 28 जनवरी तक आयोजित अखण्ड श्री राम नाम सप्ताह महायज्ञ में पिछले कई दिनों से 24 घंटे निरंतर राम नाम की अविरल धारा बह रही है. आज महायज्ञ का पांचवां दिन है और श्रद्धालुओं की आस्था दिन-ब-दिन और प्रगाढ़ होती जा रही है.
महायज्ञ के दौरान अंचल के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी कीर्तन पार्टियां घिवरा गांव पहुंच रही हैं. हरिकिर्तन की मधुर धुनों से पूरा गांव भक्तिरस में डूबा हुआ है. राम नाम के जाप, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक बन गया है.
ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. श्रद्धालु बड़ी संख्या में आयोजन स्थल पर पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं. अखण्ड राम नाम सप्ताह महायज्ञ से घिवरा गांव में आपसी एकता, भक्ति और संस्कारों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है.