
सक्ती – नववर्ष 2026 के आगमन और पावन माघ माह की शुरुआत के साथ मां डोकरी दाई की पवित्र धरा घिवरा गांव इन दिनों आध्यात्मिक रंग में रंगी हुई है. मकर संक्रांति पर्व के बाद गांव में 33 वर्ष बाद अखण्ड राम नाम सप्ताह यज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है. राम नाम सप्ताह यज्ञ के आयोजन को लेकर पूरे गांव में उल्लास और आस्था का अद्भुत समागम देखने को मिल रहा है.
गांव के वरिष्ठजनों के अनुसार, तीन दशक पहले हुए इस राम नाम सप्ताह यज्ञ ने पूरे अंचल में धार्मिक जागरण का माहौल बनाया था. अब इतने लम्बे अंतराल के बाद दोबारा आयोजित हो रहे इस राम नाम सप्ताह यज्ञ के लिए ग्रामीणों में खास उत्साह देखा जा रहा है. ग्रामीण, युवा, किसान सभी मिलकर तैयारी में जुटे हुए हैं. हर कोई इस आयोजन को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाने की तैयारी में लगा है.
ग्रामीणों का कहना है कि नववर्ष की शुरुआत भक्ति और आध्यात्मिकता के साथ होने से पूरे गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है. माघ माह की पवित्रता और राम नाम सप्ताह यज्ञ का समन्वय अंचल में शुभता, शांति और सद्भाव का संदेश दे रहा है.
गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि यह आयोजन सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपरा का जीवंत स्वरूप है. बच्चों और युवाओं में भी राम नाम सप्ताह यज्ञ के प्रति उत्साह बढ़ा है तथा गांव के लोग मिलकर व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने में दिन-रात जुटे हैं. ग्रामीण अंचल में इस बड़े आयोजन को लेकर हर्ष व्याप्त है और आसपास के गांवों में भी इस खबर को लेकर उत्सुकता देखने को मिल रही है.