

सक्ती – घिवरा गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अतिक्रमण को लेकर मितानिनों ने कड़ा विरोध जताते हुए हसौद तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है. घिवरा गांव की मितानिनों ने इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अवैध निर्माण हटाने और परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की. मितानिनों का आरोप है कि उपस्वास्थ्य केंद्र के परिसर में अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न होगी. उन्होंने बताया कि यह परिसर ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और यहां किसी भी प्रकार का अतिक्रमण मरीजों की सुविधा को प्रभावित करेगा.
मामले को गंभीरता से लेते हुए हसौद तहसीलदार गरिमा मनहर ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जांच पूरी होने तक अवैध निर्माण पर रोक लगाई जाए और यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर अतिक्रमण मुक्त होगा.
