छत्तीसगढ़जैजैपुरसक्ती

Sakti : जैजैपुर में भव्य शोभायात्रा के साथ मनाई गई भक्त माता कर्मा जयंती

सक्ती – जैजैपुर नगर में भक्त माता कर्मा जयंती का पर्व इस वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया. साहू समाज द्वारा आयोजित शोभायात्रा ने पूरे नगर का माहौल भक्तिमय बना दिया. शोभायात्रा में शामिल कर्मा दल और डीजे की धुन पर युवक-युवतियां झूमते नजर आए, वहीं आकर्षक झांकियों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा.

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भक्त माता कर्मा एवं भगवान श्री कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ की गई. इसके पश्चात शोभायात्रा गुड़ी चौक से प्रारंभ होकर वसुंधरा मंदिर, पुलिस थाना, राम मंदिर, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड होते हुए दशहरा मैदान पहुंची. मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया.

दशहरा मैदान में सामूहिक आरती के बाद समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत जीवन्त झांकी ने सभी को भावविभोर कर दिया। झांकी की प्रस्तुति की उपस्थित जनों ने जमकर सराहना की.

कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन सचिव प्रहलाद साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर अध्यक्ष जिवेन्द्र बहादुर साहू द्वारा किया गया. इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू ने अपने संबोधन में माता कर्मा के त्याग, तपस्या और समाज को दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया. जिला अध्यक्ष प्रकाश साहू ने समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया. भाजपा नेता मोचन साहू एवं तहसील अध्यक्ष नरसिंह साहू ने भी अपने विचार रखे.

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष मेमकुमार साहू, जिला संगठन सचिव श्रीमती षडेश्वरी साहू, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार साहू, तहसील अध्यक्ष प्रकाश साहू, समाजसेवी पतिराम साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे.

अंत में सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और आपसी भाईचारे का परिचय दिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button