

सक्ती – सक्ती जिले के शासकीय आदिवासी आश्रम मसानियाखुर्द के प्रधान पाठक शैलकुमार पाण्डेय को बिरसा मुंडा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया. यह सम्मान शिक्षा सागर फाउंडेशन द्वारा चंपारण, रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदान किया गया.
समारोह में छत्तीसगढ़ सहित तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, राजस्थान, नागालैंड, असम, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, उड़ीसा और महाराष्ट्र समेत 18 राज्यों के नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया.
शैलकुमार पांडेय को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त विद्यालय निर्माण तथा कम लागत में सहायक शिक्षण सामग्री तैयार कर नवाचारी शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए यह सम्मान दिया गया. बताया गया कि वर्ष 2007 से उनका आश्रम विद्यालय प्रेरणादायी कार्यों के लिए पहचान बना चुका है. विद्यालय को शून्य स्तर से विकसित कर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक बच्चों की प्रतिभाओं को पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
4 जून को आयोजित समारोह में शिक्षा सागर फाउंडेशन के फाउंडर शैलेश प्रजापति, गायत्री मिश्रा, नन्दी बहुगुणा तथा बिहार के नेशनल मोटिवेटर प्रेम सखी की विशेष उपस्थिति रही. इस उपलब्धि पर बीआरसी, बीईओ, डीईओ सक्ती सहित विभिन्न राज्यों के शिक्षकों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने शैलकुमार पाण्डेय को बधाई एवं शुभकामनाएं दी.
