
सक्ती – जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू के सतत प्रयास से घिवरा गांव में 8 लाख रुपये की सामुदायिक भवन की स्वीकृति मिली है, सामुदायिक भवन की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि विधायक बालेश्वर साहू के सतत प्रयासों और क्षेत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है। लंबे समय से ग्रामीण एक सामुदायिक भवन की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है।
सामुदायिक भवन के निर्माण से गांव में सामाजिक बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारिवारिक आयोजनों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। इससे गांव की सामाजिक एकजुटता मजबूत होगी और सार्वजनिक गतिविधियों को एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन की स्वीकृति पर विधायक बालेश्वर साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से गांव को एक महत्वपूर्ण सुविधा मिली है। ग्रामीणों का मानना है कि इस भवन से गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक बालेश्वर साहू आगे भी इसी तरह क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।