छत्तीसगढ़सक्ती

Sakti – SP प्रफुल्ल ठाकुर की नई पहल, अग्रसेन चौक में बनेगा पुलिस जन संवाद कक्ष, हर शाम जनता से होंगे रूबरू

सक्ती – पुलिस और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने एक अभिनव पहल शुरू की है। उनकी पहल पर नगर के अग्रसेन चौक में जल्द ही पुलिस जन संवाद कक्ष का निर्माण कराया जाएगा, जहां आम लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रख सकेंगे।

सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के साथ अग्रसेन चौक पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ने मौके का मुआयना करते हुए पुलिस जन संवाद कक्ष के निर्माण की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

जानकारी के अनुसार, नगर के मध्य स्थित इस जन संवाद कक्ष में प्रतिदिन शाम के समय पुलिस अधीक्षक स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। इससे लोगों को अपनी समस्याएं और शिकायतें बिना किसी औपचारिकता के सीधे जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर कई मामलों का त्वरित निराकरण भी संभव हो सकेगा।

पुलिस विभाग की इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और बेहतर समन्वय स्थापित करना है। अधिकारियों का मानना है कि नियमित जनसंवाद से कानून-व्यवस्था के प्रति नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।

नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया है। पुलिस जन संवाद कक्ष का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद सक्ती जिले में पुलिस और जनता के बीच संवाद का एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button