

डभरा – श्रीजन स्कूल बैच 2006 के पूर्व विद्यार्थियों द्वारा कृष्णा प्लेस, डभरा में एक भव्य रीयूनियन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी साथी भावुक हो उठे और अपने स्कूल के सुनहरे दिनों को फिर से जीवंत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद सम्माननीय शिक्षकों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरणादायक भाषणों और मनोरंजक गतिविधियों से माहौल को यादगार बना दिया।
रीयूनियन में शामिल पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह मिलन समारोह न केवल पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर है, बल्कि आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने का भी एक महत्वपूर्ण मंच है। वहीं शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों, शिक्षकों और उपस्थित साथियों का आभार व्यक्त करते हुए इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान अशोक कर्ष, जयप्रकाश साहू, तपन चन्द्रा, जितेन्द्र चन्द्रा, प्रताप बरेठ, भूपेन्द्र चन्द्रा सहित अन्य पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
