छत्तीसगढ़

Sakti – 100 मरीजों को मिलेगा मुफ्त ऑपरेशन, वेदांता के बालको मेडिकल सेंटर में लगेगा बड़ा सर्जरी कैंप

सक्ती – छत्तीसगढ़ के जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन के तहत संचालित बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) में 5 से 7 जून 2026 तक विशाल निःशुल्क लेप्रोस्कोपिक (की-होल) सर्जरी कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसमें 100 मरीजों को मुफ्त सर्जरी का लाभ दिया जाएगा।

यह कैंप खास इसलिए भी है क्योंकि इसका नेतृत्व देश के जाने-माने सर्जन डॉ. मुफज्जल लकड़ावाला करेंगे, जो मुंबई के सर एच. एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल से जुड़े हैं। लेप्रोस्कोपिक, बैरिएट्रिक और डाइजेस्टिव सर्जरी के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता विश्व स्तर पर मानी जाती है और वे अब तक 50,000 से अधिक सफल सर्जरी कर चुके हैं। उनके साथ अनुभवी सर्जनों की टीम भी इस शिविर में सेवाएं देगी।

कैंप में गॉल ब्लैडर (पित्ताशय), अपेंडिक्स, हिस्टेरेक्टॉमी, बैरिएट्रिक सर्जरी, फंडोप्लिकेशन और विभिन्न प्रकार के हर्निया की सर्जरी की जाएगी। लेप्रोस्कोपिक तकनीक के जरिए छोटे-छोटे चीरे लगाकर ऑपरेशन किया जाता है, जिससे मरीजों को कम दर्द, जल्दी रिकवरी और कम अस्पताल में रहने का फायदा मिलता है।

बीएमसी की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने बताया कि यह पहल उन मरीजों के लिए बेहद मददगार साबित होगी, जो आर्थिक कारणों या लंबी प्रतीक्षा के चलते सर्जरी नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि इस कैंप के माध्यम से जरूरतमंदों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. दिवाकर पांडे ने बताया कि बीएमसी की टीम प्रदेश के दूर-दराज इलाकों तक पहुंचकर ऐसे मरीजों की पहचान कर रही है, जिन्हें सर्जरी की जरूरत है लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वे इलाज नहीं करा पा रहे हैं। कैंप में मरीजों को सुरक्षित सर्जरी के साथ-साथ पूरी देखभाल और पोस्ट-ऑप फॉलो-अप भी दिया जाएगा।

इस पूरे शिविर में परामर्श से लेकर सर्जरी, अस्पताल में भर्ती, दवाइयां और फॉलो-अप तक सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी। इसका पूरा खर्च वेदांता समूह द्वारा उठाया जाएगा।

कैंप का लाभ लेने के इच्छुक मरीजों को पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य है। चयनित मरीजों की मेडिकल जांच के बाद ही सर्जरी की जाएगी। पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए 8282823333 या 8282824444 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही मरीज सीधे बालको मेडिकल सेंटर, सेक्टर-36, ऊपरवारा, नया रायपुर पहुंचकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button